झज्जर- आजादी का अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा 13 से 15 अगस्त को लेकर जिले में जागरूकता मुहिम निरंतर जारी है। सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की भजन मंडली गांव-गांव जाकर विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जागरूक कर रही है। स्वतंत्रता प्राप्ति की वर्षगांठ पर राष्ट्रीय पर्व को उत्सव के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मनाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल के निर्देशानुसार व डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को जन अभियान में बदलने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की भजन मंडली हरियाणवी लोक शैली में 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा लहराने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की भजन मंडली ने गुरुवार को जिले के बामड़ौला व कलोई गांव में जागरूकता अभियान चलाया। भजन पार्टी लीडर मैनपाल व सतबीर, सदस्य जितेन्द्र, रामनिवास व रामकिशन ने विशेष तौर पर तैयार गीत के माध्यम से लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के बारे में बताया। साथ ही जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी और अर्ध सरकारी स्वायत संस्थानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा।
