आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने कहा कि राज्य सरकार विदेशों में रहने वाले हरियाणा के मूल निवासियों की शिकायतों को दूर करने और उनके हितों की रक्षा के लिए स्पेशल "नॉन -रेजिडेंट इंडियन (एनआरआई) सेल " स्थापित करने पर तेज़ी से काम कर रही है।
मुख्य सचिव ने यह जानकारी पंचकूला में विदेश मंत्रालय के सहयोग से हरियाणा के विदेश सहयोग विभाग द्वारा आयोजित "विदेश संपर्क प्रोग्राम" कार्यक्रम के दौरान दी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासियों से संबंधित मुद्दों से निपटने के लिए प्रवासियों और राज्य सरकारों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देना है।
मुख्य सचिव ने बताया कि ये एनआरआई सेल पुलिस विभाग से स्वतंत्र रूप से संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता पर गर्व है , यहाँ हिन्दू ,सिख, मुसलमानों के अलावा अन्य धर्मों के लोग भी सामाजिक सद्भाव से रहते हैं। उन्होंने कहा कि यहाँ आधिकारिक भाषा हिंदी के अलावा पंजाबी भाषा को दूसरी भाषा के रूप में मान्यता दी गई है और पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों की भर्ती के प्रयास किए गए हैं।
