आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में कैथल, में डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल के कुशल नेतृत्व में जाट कॉलेज के प्रांगण में यूथ रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन रेडक्रॉस के सचिव रामजी लाल ने रेडक्रॉस ध्वजारोहण किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लक्ष्य का निर्धारण कर सफलता हासिल की जा सकती है। रेडक्रॉस एक मानवतावादी संगठन है जो स्वास्थ्य सेवा एवं मित्रता के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे रैडक्रॉस द्वारा जरूरतमंदों के सहायतार्थ उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें। इस मौके पर कालेज प्रधानाचार्य भीम सिंह चहल ने इस नेक कार्य में आहुति डाली एवं स्वयंसेवकों को सौभाग्यशाली बताया। प्रशिक्षण अधिकारी बीरबल दलाल ने मानव शरीर की संरचना तथा हड्डियों मांसपेशियों पाचन क्रिया के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण अवधि में रिसोर्स पर्सन के तौर पर प्रशिक्षक के रूप में अशोक लीलैंड ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर गढ़ी पाडला से राजवीर सिंह ने शिरकत की। उन्होंने बच्चों को यातायात के नियमों के बारे में विस्तार से समझाया कि यातायात के नियमों की जानकारी बहुत जरूरी है, जिसके अभाव में प्रतिवर्ष डेढ़ लाख लोग सड़क दुर्घटना के शिकार या काल के ग्रास बन जाते हैं। सड़क पर चलते समय पदयात्री ने सड़क के दाएं और बाएं और देख कर चलना चाहिए। दुपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, थकान के समय गाड़ी नहीं चलानी चाहिए और सड़क पर चलाते समय गाड़ी की गति व संकेतों का ध्यान अवश्य रखना चाहिए। सिविल हस्पताल से दंत रोग विशेषज्ञ डॉ आदित्य गोयल ने दांतो के रखरखाव मसूड़ों की सूजन पायरिया कैल्शियम पोटेशियम की कमी के कारणों से दांत में क्या समस्या हो सकती है,इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ कविता रानी ने निर्माण व संस्कार के बारे में बच्चों को समझाया। डॉ सुरेंद्र सिंह ने सर्वाधिक मूल्यों पर अच्छा प्रेरणा दायक भाषण देकर अपनी देशभक्ति की भावना को दर्शाया। विभिन्न कॉलेजों से 80 विद्यार्थी एवं 20 प्राध्यापकों ने भाग लिया तथा एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस प्रतियोगिता में जाट कॉलेज एवं श्री कपिल मुनि कॉलेज कलायत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरकेएसडी कॉलेज कैथल व भगत अमरनाथ महिला महाविद्यालय के बच्चों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कैंप में पवन कुमार, उप अधीक्षकरेणुका, अमरजीत, ज्योति बजाज, महिपाल, राजेंद्र कुमार, जय भगवान, सुरेंद्र कौर शामिल रहे।
