Unsung Heroes | History Corner | Azadi Ka Amrit Mahotsav, Ministry of Culture, Government of India

Unsung Heroes Detail

Paying tribute to India’s freedom fighters

अलख राम पटेल

Raipur, Chhattisgarh

January 30, 2023 to January 30, 2024

अलख राम पटेल का जन्म धमतरी मगरलोड क्षेत्र के खिसोरा ग्राम में सन् 1910 में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री पुरुषोत्तम पटेल था। वे ग्राम के साथियों के साथ रायपुर आते थे। इस कारण अलख राम जी स्वयं ही राष्ट्रीय घटनाओं में सम्मिलित होने लगे। धमतरी के भखारा ग्राम के स्कूल में पढ़ते हुए उन्होंने तकली एवं चरखा चलाने में विशेष योग्यता प्राप्त कर ली थी। उनके बड़े भाई श्री देवनाथ एक महत्वपूर्ण सत्याग्रही थे। अतः उनसे सतत् प्रेरणा प्राप्त होती थी।

उन्होनें कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। इस कारण धमतरी रायपुर आदि स्थानों के नेताओं के साथ उनका सीधा संबंध हो गया था। उनकी आर्थिक स्थिति को देखकर उन्हें रायपुर जिले के तेंदूकोना के स्कूल में रायपुर डिस्ट्रिक्ट कौंसिल की ओर से शिक्षक बना दिया गया। वे वहां भी राष्ट्रीय भावना के प्रसार में लगे रहे। सन् 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी सुनकर वह भी भारत छोड़ो आंदोलन में शामिल हो गए तथा रायपुर आकर उग्र आंदोलन में सम्मिलित हो गए। क्रांतिकारी पर्चो का वितरण, युद्व विरोधी नारें लगाने आदि जुर्म में उन्हें गिरफ्तार कर डी.आई.आर की धारा 129(1), 26(1), 38(1)ए, 34(ई) के अंतर्गत 6 माह के कारावास की सजा हुई। उनका देहावसान 28 जनवरी, 1982 को हो गया।

Top