आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ के पंजाबी वाड़ा में विकास कार्यों का शुभारंभ किया। यहाँ आधुनिक तकनीकी से सिवरेज व्यव्स्था तथा स्वच्छ पेयजल सप्लाई की लाइनें डाली जाएगी। प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने करीब 87 लाख की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत स्थानीय लोगों के हाथों नारियल तुड़वाकर कर किया।
कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में और मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश में लोगों के लिए चहुमुखी विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। देश और प्रदेश के हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के सहयोग से बल्लभगढ़ में भी चहुमुखी विकास कार्य तेज गति से करने का प्रयत्न किया जा रहा है।