आजादी के अमृत महोत्सव के तहत खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग पलवल की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2023 के उपलक्ष्य में मंगलवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलों का आयोजन किया गया। जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी धुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2023 के उपलक्ष्य में केवल महिलाओं के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम पलवल में 5 जिला स्तरीय खेलों का आयोजन किया गया। इन पांच खेलों में हॉकी, कबड्डी, एथलेटिक्स, योगासन, तैराकी शामिल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहला ऐसा राज्य है जहां सबसे अधिक महिला खिलाडी खेलों में भाग लेकर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं जिसे महिला न कर सकें। हरेक क्षेत्र में महिलाएं आगे हैं। डीसी नेहा सिंह ने सभी प्रतिभागियों को खेलों में बढचढ कर भाग लेने के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने महिला खिलाडियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अपने जीवन में बहुत बदलाव लाए जा सकते हैं। बदलाव इंडीविसुअल होता हैं, इसलिए अपने जीवन से कुछ न कुछ चैंज लाएं। विचारों को चैलेंज कर अनुशासन से आगे बढें और दूसरों के लिए उदाहरण सेट करें। डीसी नेहा सिंह ने महिलाओं को खेलों में बढचढ कर भाग लेने व कड़ी मेहनत कर विजय हासिल करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
