हिसार- आजादी का अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर परिषद के सदस्यों व शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शाखा के अध्यक्ष राजेश जैन एडवोकेट, कोषाध्यक्ष सीताराम, मंडल उपाध्यक्ष ऋषि राज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस मौके पर अपने संबोधन में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि यह विचित्र संयोग ही है कि सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री व करोड़ों भारतीयों के हृदय सम्राट शास्त्री जी की जयंती एक ही दिन है। मैं दोनों महापुरुषों को हृदय से सादर नमन करता हूं। गांधी जी के सम्मान में संयुक्त राष्ट्र ने इस दिन को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया गया है। यह हमारे देश के लिए बहुत ही गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ऐसे महान व्यक्तित्व के धनी थे, जो देश की 130 करोड़ जनता के दिलों पर आज भी राज कर रहे हैं। उनका जय जवान और जय किसान कथन भारत की रीढ़ है।